भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में ठेका श्रमिकों की छंटनी रोकने और सरकारी व ईएसआई अस्पतालों की मेडिकल रिपोर्ट को मान्यता देने की मांग उठी है. बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यस्थल पर पर्याप्त मैनपावर से जुड़े मुद्दों को लेकर इंडस्ट्रियल हेल्थ एवं सर्विसेज के डिप्टी डायरेक्टर मनीष कुंजाम से मुलाकात की.

यह प्रतिनिधिमंडल दुर्ग सांसद विजय बघेल के निर्देश पर यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के नेतृत्व में मिला. यूनियन ने संयंत्र में ठेका श्रमिकों की फिटनेस जांच की प्रक्रिया को सरल बनाने और काम से हटाए जा रहे श्रमिकों की छंटनी तत्काल रोकने की मांग रखी.

यूनियन के मुताबिक, ठेका श्रमिकों की मेडिकल जांच केवल बीएसपी के मुख्य अस्पताल तक सीमित नहीं होनी चाहिए. सरकारी मानकों के तहत शासकीय और ईएसआई अस्पतालों से जारी मेडिकल प्रमाणपत्रों को भी संयंत्र में काम करने के लिए वैध माना जाना चाहिए. यूनियन का कहना है कि बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक ईएसआई स्वास्थ्य योजना के दायरे में आते हैं. ऐसे में इन अस्पतालों की रिपोर्ट स्वीकार होने पर श्रमिकों को दोबारा जांच कराने का खर्च और समय बच सकता है.

प्रतिनिधिमंडल ने संयंत्र में ठेका श्रमिकों की घटती संख्या को लेकर भी चिंता जताई. यूनियन नेताओं के अनुसार, मैनपावर कम होने से मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ रहा है. ऑपरेशन और इलेक्ट्रिकल जैसे संवेदनशील विभागों में प्रशिक्षित श्रमिकों की कमी से कार्यस्थल पर सुरक्षा जोखिम बढ़ने की आशंका जताई गई है.

यूनियन ने कहा कि उत्पादन का दबाव श्रमिकों की सुरक्षा से ऊपर नहीं होना चाहिए. उसने नियमित स्वास्थ्य जांच, आधुनिक सुरक्षा उपकरण और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी डायरेक्टर से इस मामले को उच्च प्रबंधन के सामने रखकर छंटनी रोकने और पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध कराने की अपील की.