दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सूर्या मॉल के सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच और रेड कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक, मौके पर किसी अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई. हालांकि, सेंटर के भीतर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें बाहर निकाला गया.

मॉल प्रबंधन के अनुसार, जिस जगह स्पा सेंटर संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है और वहां बिजली तथा पानी की आपूर्ति बंद की जा चुकी है. इसके बावजूद परिसर के अंदर लोगों की मौजूदगी मिली.

पुलिस ने सेंटर के संचालक और वहां मिली युवतियों से बाउंड ओवर की कार्रवाई कराई. यह कार्रवाई भविष्य में ऐसी गतिविधियों में दोबारा संलिप्तता पाए जाने पर कानूनी कदम उठाने की चेतावनी के तौर पर की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान युवतियों की भूमिका भी देखी गई, लेकिन सेंटर में अनैतिक कार्य का कोई पुष्ट प्रमाण नहीं मिला.

भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने कहा कि स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. उन्होंने बताया कि ऐसे स्थानों पर आगे भी नियमित जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी.

यह कार्रवाई एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर हुई. टीम में सीएसपी निशांत पाठक, डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी सहित पुलिसकर्मी शामिल थे.