भिलाई के सूर्या मॉल स्थित एक स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार को औचक जांच की. कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई. सीएसपी निशांत पाठक और डीएसपी भारती मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

पुलिस ने सेंटर और उसके आसपास गहन छानबीन की. जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली. मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वहां सामान्य सैलून और स्पा का संचालन किया जा रहा था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मॉल प्रबंधन ने संपत्ति के बिक जाने और वहां बिजली-पानी की आपूर्ति बंद होने की बात कही थी. इसके बावजूद परिसर के भीतर युवतियों और अन्य लोगों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस ने स्थिति की जांच की.

आठ युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर

किसी अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं होने के बावजूद पुलिस ने एहतियाती कदम के तौर पर मौके पर मिली करीब आठ युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद की कार्रवाई की. यह कार्रवाई भविष्य में कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी समस्या की आशंका को देखते हुए की गई.

सीएसपी निशांत पाठक ने कहा कि स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस ने ऐसे स्थानों पर निगरानी और औचक जांच जारी रखने की बात कही है.