भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में फॉरेक्स और ट्रेडिंग ट्रेनिंग संस्थान शुरू करने तथा निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर 18 लाख 63 हजार 675 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. सुपेला पुलिस ने इस मामले में मीनल चौहान (35) को नागपुर से गिरफ्तार किया है. अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने एक कार भी जब्त की है.

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अक्षय राठौर कृषि व्यवसाय से जुड़े हैं. एक परिचित के माध्यम से उनकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी. शिकायत के अनुसार, चौहान ने रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में ‘फिनविजन’ और ‘फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ नाम से फॉरेक्स और ट्रेडिंग की ट्रेनिंग देने वाला संस्थान शुरू किए जाने की जानकारी दी थी. शिकायतकर्ता को संस्थान में पैसा लगाने पर मुनाफे का भरोसा दिलाया गया था.

अलग-अलग खातों में जमा कराई रकम

शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान चलाने और उससे जुड़े खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपये जमा कराए गए. बताया गया कि इस रकम का इस्तेमाल कर्मचारियों की सैलरी, कार्यालय किराये, रखरखाव, विज्ञापन, सोशल मीडिया प्रचार और अन्य जरूरी खर्चों में किया जाएगा.

पुलिस के अनुसार, दी गई रकम में से करीब 3 लाख 33 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 18 लाख 63 हजार 675 रुपये लौटाए नहीं गए. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संस्थान चलाने और ट्रेडिंग में निवेश से मुनाफे का भरोसा देकर रकम ली गई थी.

अक्षय राठौर ने 18 सितंबर 2026 को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद अपराध क्रमांक 1389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि शिकायत और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है.