भिलाई में विक्रांत एग्रोकेम इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों और कंपनी से जुड़े एक अधिकारी के खिलाफ ₹65 लाख 68 हजार 423 की धोखाधड़ी और आपराधिक न्यास भंग का मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई दुर्ग के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश के बाद हुई. मामले में कंपनी की डायरेक्टर मिथलेश शर्मा, उनके पति और संचालक रामानुज शर्मा तथा जोनल मैनेजर विष्णुप्रसाद धीवर को आरोपित बनाया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिसाली के आशीष नगर निवासी राजेंद्र सिंह ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था. उनके मुताबिक, उनके पुत्र हिमांशु सिंह की फर्म मेसर्स पिनाका एसोसिएट्स ने 1 जुलाई 2020 को कंपनी के साथ अनुबंध किया था. इस समझौते के तहत फर्म को दुर्ग और रायपुर संभाग में कंपनी के कीटनाशक उत्पादों का डिस्ट्रीब्यूटर बनाया गया था.

शिकायत के मुताबिक, हिमांशु ने कंपनी को ₹10 लाख अग्रिम दिए थे. जुलाई से दिसंबर 2020 के बीच कंपनी ने करीब ₹92.18 लाख का माल उपलब्ध कराया. इसमें से ₹63.26 लाख से अधिक मूल्य का माल कंपनी के निर्देश पर अलग-अलग व्यक्तियों और संस्थानों को दिया गया.

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने बाद में गोदाम किराया, कमीशन और अन्य देय राशि का भुगतान नहीं किया. कंपनी के GST बिल में दर्ज नंबर निलंबित होने से फर्म को इनपुट टैक्स क्रेडिट का नुकसान हुआ, जिससे करीब ₹5 लाख का अतिरिक्त भार पड़ने का दावा है.

शिकायतकर्ता ने खराब या नहीं बिके माल को वापस लेने के बाद नया स्टॉक नहीं देने से करीब ₹28.92 लाख के नुकसान का भी दावा किया है. जुलाई 2020 से जुलाई 2023 तक ₹11.52 लाख गोदाम किराया और ₹3.16 लाख कमीशन बकाया बताए गए हैं.

परिवाद के अनुसार, 19 जून 2025 को रामानुज शर्मा ने माल भेजने और उसके बदले पूरी रकम चुकाने की बात कही थी, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि भुगतान नहीं किया गया. रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है. नेवई पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 409 और 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.