छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया. घटना आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय की है. मृतक की पहचान निहाल सिंह के रूप में हुई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निहाल घटना से कुछ देर पहले कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर गया था. वहां उसने किस्तों पर iPhone खरीदने की प्रक्रिया पूरी की थी. दुकान संचालक के मुताबिक, इसके बाद निहाल के पास किसी का फोन आया और बातचीत करने के बाद वह बेसमेंट की ओर चला गया.

कुछ देर बाद शौचालय में उसके फांसी लगाने की जानकारी सामने आई. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया. पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी है.

रिपोर्ट के मुताबिक, दुकान संचालक ने निहाल को सोशल मीडिया से जुड़ी किसी बात पर फोन पर बातचीत करते सुना था. हालांकि, इस बातचीत और युवक की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है. मौत की वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.