भिलाई के सुपेला इलाके में एक युवती से फोन पर बातचीत करने के शक में 30 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे गदा चौक के पास बताई जा रही है. वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

घायल युवक की पहचान विवेक जय सिंह कुर्रे के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उसकी एक युवती से पहचान हुई थी और दोनों के बीच करीब चार-पांच दिन पहले फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद युवती ने उसे मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया.

विवेक के बयान के मुताबिक, वह युवती को बहन मानकर मिलने पहुंचा था. वहां युवती का भाई और उसके कुछ साथी पहले से मौजूद थे. आरोप है कि युवक के पहुंचते ही तीन से चार लोगों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया.

विवेक ने पुलिस को बताया कि उसके कमर, सिर, पेट और पीठ पर चोटें आई हैं. हमले के बाद वह किसी तरह स्कूटी से वहां से निकला और अस्पताल पहुंचा. उसके अनुसार, शरीर में लगा चाकू उसने खुद बाहर निकाला.

अस्पताल में इलाज जारी

घायल को पहले सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर किया, जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस के अनुसार, युवती के भाई को विवेक से उसकी बहन की बातचीत की जानकारी मिली थी. शुरुआती जांच में हमले की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने मामले की पूरी जांच और आरोपों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी है.