कवर्धा. भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य में 2 से 8 अक्टूबर तक संरक्षण सप्ताह मनाया जाएगा. इस दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को जंगल को केवल पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवित पारिस्थितिकी तंत्र के तौर पर समझाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष फील्ड अनुभव पर जोर रहेगा.
3 अक्टूबर को चिल्फी में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र होगा. इसके साथ स्थानीय युवाओं को वन नाइट लाइफ का अनुभव कराया जाएगा. इस गतिविधि के जरिए उन्हें रात में सक्रिय वन्यजीवों, जंगल की आवाजों, हलचल और पदचिह्नों के बारे में जानकारी दी जाएगी.
4 अक्टूबर को भोरमदेव से थावरझोल तक प्रकृति भ्रमण आयोजित होगा. इसमें प्रतिभागियों को तितलियों की पहचान और उनके प्राकृतिक आवास के बारे में बताया जाएगा. 5 अक्टूबर को करियामा गेट क्षेत्र में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए पेड़, पक्षी और तितली पहचान से जुड़ी फील्ड शिक्षा होगी.
6 अक्टूबर को अग्रिम पंक्ति के वन कर्मचारियों को वन्यजीव गलियारों, अवैध गतिविधियों, ट्रैप कैमरों और गश्ती व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी जाएगी. ट्रैप कैमरों के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी.
7 अक्टूबर को वन्यजीव फिल्म, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर और पत्थर चित्रकारी जैसी गतिविधियां होंगी. वन्यजीव फोटोग्राफी और रील्स प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी. 8 अक्टूबर को प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा.
वन विभाग ने भोरमदेव आने वाले पर्यटकों से प्लास्टिक और कचरा नहीं फैलाने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.
