छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. भाजपा की ओर से जारी नियुक्ति सूची के अनुसार यह निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर लिया गया.
भूपेंद्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. प्रदेश स्तर पर संगठन में काम करने के बाद अब उन्हें भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है. उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व युवा मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन में हुआ है.
सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की सूची में भूपेंद्र नाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस तरह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर कुल सात नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है.
तीन राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त
राष्ट्रीय महामंत्री पद के लिए ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी दी गई है. भाजपा के आदेश के मुताबिक, सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी.
