बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर दर्शन करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने CGPSC भर्ती प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, ऐसे में सरकार निष्पक्ष जांच कराने से पीछे क्यों हट रही है.

बघेल ने CGPSC परीक्षा में कथित गलत उत्तरों और चयन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि भर्ती में गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए. उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे अभ्यर्थियों और आम लोगों में परेशानी है.

पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई, बेरोजगारी और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने बिजली कटौती के साथ बस किराया, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और राशन की बढ़ती कीमतों का उल्लेख किया. बघेल ने दावा किया कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर चल रही है और यदि अभी चुनाव हों तो सत्तारूढ़ दल के विधायक मुश्किल में पड़ सकते हैं.

उन्होंने सड़कों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी स्कूटी से गिरकर घायल हो चुके हैं. किसानों को एग्रीस्टैक और सर्वर से जुड़ी समस्याओं का सामना करने का दावा भी उन्होंने किया.

बघेल ने मंत्रिमंडल पुनर्गठन, RSS प्रमुख मोहन भागवत के दौरे और बजरंग दल की गतिविधियों पर भी टिप्पणी की. दिल्ली में राहुल गांधी के साथ चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने SIR प्रक्रिया रद्द करने, बैलेट पेपर से चुनाव कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई.