छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के रुद्राराम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम, 2012 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विद्यालय की सात छात्राओं ने इस मामले में जिला कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत की थी. इसके बाद मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आया. मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए.

एक छात्रा की मां की शिकायत पर एफआईआर

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को एक छात्रा की मां ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि विद्यालय में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के साथ शिक्षक ने 7 अक्टूबर 2025 को गलत नीयत से आपत्तिजनक स्पर्श किया. शिकायत के मुताबिक, अलग-अलग मौकों पर दोबारा छेड़छाड़ का प्रयास भी किया गया, जिसका छात्रा ने विरोध किया.

पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया है. अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण की विवेचना जारी है और वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं. कलेक्टरों से ऐसे संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की पड़ताल करने को कहा गया है.