छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की करीब 2 करोड़ रुपये की कथित लूट का मामला पुलिस जांच में फर्जी निकला. पुलिस के मुताबिक, गीदम के सराफा व्यापारी स्वरूप सोनी ने कर्ज चुकाने के दबाव से बचने के लिए लूट की कहानी गढ़ी थी. इस मामले में उसके साथ जा रहे कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर के शामिल होने की बात सामने आई है.

मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को शाम करीब 6 बजे स्वरूप सोनी भैरमगढ़ स्थित अपनी दुकान से तूफान वाहन में गीदम लौट रहा था. उसके साथ ललित बुरड़ और देवेंद्र ठाकुर भी थे. शाम करीब 6:45 बजे तीनों ने नेलसनार थाने पहुंचकर बताया कि पांडेमुर्गा चौक के आसपास जंगल के पास तीन हथियारबंद लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया. उनके अनुसार, आरोपियों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर बैग लूट लिया, जिसमें करीब 2 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी थी. तीनों ने मोबाइल फोन भी लूटे जाने की सूचना दी थी.

100 से अधिक कैमरों की जांच से खुला संदेह

लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तीन जांच टीमें बनाईं. बीजापुर और आसपास के सीमावर्ती जिलों के साथ दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी नाकाबंदी कराई गई. पुलिस टीमों ने हाईवे और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. करीब 16 घंटे तक जांच और नाकाबंदी जारी रही.

जांच के दौरान पुलिस को तीनों मोबाइल फोन की लोकेशन मिली. तलाशी लेने पर तीनों फोन हाईवे किनारे जंगल में एक ही जगह सुरक्षित और चालू हालत में मिले. पुलिस के मुताबिक, इस बरामदगी से कथित लूट की कहानी पर संदेह गहरा गया, क्योंकि तीनों फोन एक साथ सुरक्षित हालत में पाए गए थे.

इसके बाद पुलिस ने स्वरूप सोनी, ललित बुरड़ और देवेंद्र ठाकुर से अलग-अलग पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि तीनों के बयान एक-दूसरे से अलग मिले. व्यापारी की आर्थिक स्थिति और पिछले लेन-देन की जांच में उस पर कर्ज और भुगतान का दबाव होने की जानकारी सामने आई. पूछताछ में स्वरूप सोनी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी और कर्ज से बचने के लिए उसने यह कहानी बनाई थी.

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल और भैरमगढ़ SDOP नवीन एक्का के निर्देशन में बीजापुर कोतवाली, भैरमगढ़ और नेलसनार थाने की टीमें शामिल रहीं. पुलिस अधीक्षक ने लोगों से झूठी सूचना देकर जांच को गुमराह न करने की अपील की है और कहा है कि ऐसी शिकायत पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है.