छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया सोना और नकदी बरामद की है. पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल से हुई.

सुरक्षा बलों को भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्रों की सीमा से लगे जंगल में बड़ी मात्रा में नकदी और सोना छिपाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद सर्च ऑपरेशन की योजना बनाकर इलाके में तलाशी ली गई.

तलाशी के दौरान जवानों को स्टील के डिब्बे और टीन के बक्सों में छिपाए गए सोने के 33 बिस्किट मिले. पुलिस के मुताबिक, इनका कुल वजन 3.84 किलोग्राम यानी 330 तोला है. बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले हैं.

जिले में अब तक की बरामदगी

पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में नक्सली डंप के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के दौरान अलग-अलग स्थानों से पहले भी सोना और नकदी बरामद की गई है. ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अब तक कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की जानकारी दी गई है.

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के मुताबिक, पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद संपत्ति किसकी थी और इसे किस उद्देश्य से छिपाया गया था. मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.