छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 1 नवंबर से पहली बार जंगल सफारी शुरू होने जा रही है. सफारी की शुरुआत इंद्रावती टाइगर रिजर्व के मद्देड़ बफर जोन स्थित उल्लूर से होगी. इसके जरिए पर्यटक रिजर्व के घने जंगलों, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता को करीब से देख सकेंगे.
इंद्रावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने सफारी की तैयारियां तेज कर दी हैं. पर्यटकों के लिए कांगेर वैली से चार टूरिस्ट वैन मंगाई गई हैं. इन्हीं वाहनों से जंगल क्षेत्र में भ्रमण कराया जाएगा.
पर्यटन और रोजगार पर जोर
जंगल सफारी शुरू होने से बीजापुर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों के अनुसार, पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने पर स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं. भविष्य में स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में जोड़ने की संभावना भी जताई गई है.
पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने की योजना पर भी जोर है. प्रवेश शुल्क या टिकट व्यवस्था आगामी दिनों में लागू की जा सकती है, हालांकि इसके बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
कभी नक्सलवाद और हिंसा के कारण चर्चा में रहने वाले बीजापुर को अब जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक खूबसूरती के जरिए नई पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है. सफारी की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
