बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान 711 बीजीएल सेल बरामद किए हैं. यह कार्रवाई जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने की.

सुरक्षा बलों के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर एफओबी ताड़ापाला से लगे जंगल क्षेत्र में अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान एफओबी ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप जंगल में छिपाकर रखे गए बीजीएल सेल मिले. बरामद सामग्री को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित कब्जे में लिया गया.

अधिकारियों ने बताया कि कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में अभी भी बारूदी सुरंग यानी आईईडी या अन्य विस्फोटक सामग्री होने की आशंका है. इसी वजह से आम नागरिकों से फिलहाल इन इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है.

सुरक्षा बलों के मुताबिक, क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए आगे निर्धारित कार्ययोजना के तहत डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा. जब तक तलाशी और विस्फोटक-रोधी कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में अनधिकृत आवाजाही जोखिमपूर्ण हो सकती है.