बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने अलग-अलग इलाकों से विस्फोटक सामग्री, BGL यानी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर के कंपोनेंट्स और अन्य सामान बरामद किया है. यह कार्रवाई 5 से 9 सितंबर 2026 के बीच तीन अलग-अलग अभियानों में की गई.
ताड़पाल पहाड़ी से BGL सामग्री
9 सितंबर को CRPF की 196वीं बटालियन ने FOB ताड़पाल क्षेत्र की ताड़पाल पहाड़ी में सघन तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षा बलों के अनुसार, पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखी सामग्री में 105 BGL राउंड कंपोनेंट्स, एक BGL नोज, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला और लेथ मशीन का हैंडल शामिल है.
इंडरीपाल और डुमरीपलनर में बरामदगी
5 सितंबर को DRG और थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल के जंगल में तलाशी के दौरान दो ग्रेनेड और पांच तीर बम बरामद किए. बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों के तहत इन विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया.
6 सितंबर को DRG और थाना मिरतुर पुलिस की टीम ने डुमरीपलनर जंगल से सात बंडल नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और छह डेटोनेटर बरामद किए. सुरक्षा बलों ने इन सामग्रियों को माओवादी गतिविधियों से जुड़ा डंप बताया है. बरामदगी के बाद इलाके में तलाशी और नक्सल विरोधी अभियान जारी है.
