बीजापुर जिले के भोपालपटनम स्थित एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल, रूद्रारम में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान देवेन्द्र कुमार दहिया (34) के रूप में हुई है.
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर भोपालपटनम थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया.
आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें भेजीं—एक राजस्थान और दूसरी हरियाणा.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया. इसके बाद घेराबंदी कर उसे राजस्थान के झालरापाटन से गिरफ्तार किया गया.
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया. भोपालपटनम थाने में वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया. मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
