छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के संदिग्ध डंप के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए है.
यह बरामदगी भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल से हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल में बड़ी मात्रा में नकदी और सोना छिपाकर रखा गया है. इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया.
तलाशी के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला. पुलिस के मुताबिक, सोने के 33 बिस्किट टीन के बक्सों और स्टील के डिब्बे में रखे हुए थे. इनकी कुल मात्रा 330 तोला बताई गई है.
बीजापुर में बरामदगी का कुल आंकड़ा
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद बीजापुर जिले में अलग-अलग अभियानों के दौरान बरामद सोने की कुल मात्रा 12.34 किलोग्राम और नकदी करीब 8.24 करोड़ रुपए हो गई है.
एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद संपत्ति किसकी थी और इसे किस उद्देश्य से जंगल में छिपाया गया था. मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.
