रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क निर्माण और भुगतान में कथित अनियमितताओं के मामले में राज्य सरकार ने 13 अधिकारियों को निलंबित किया है. सरकार के मुताबिक, जांच में करीब 19.17 करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान का मामला सामने आया है. निलंबित अधिकारियों में तीन तत्कालीन कार्यपालन अभियंता, छह सहायक अभियंता और चार उप अभियंता शामिल हैं.
यह कार्रवाई उप मुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर शुरू की गई विभागीय जांच का हिस्सा है. सरकार का कहना है कि बीजापुर की 24 सड़कों की जांच में ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज प्रगति और मौके पर मिले निर्माण के बीच गंभीर अंतर पाया गया. इन सड़कों का निर्माण नक्सल प्रभावित गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए स्वीकृत किया गया था.
ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर
सरकारी जांच के अनुसार, विभागीय ऑनलाइन रिकॉर्ड में करीब 218 किलोमीटर मिट्टी कार्य दर्ज था, जबकि मैदानी निरीक्षण में लगभग 116 किलोमीटर लंबाई में ही काम मिला. सरकार ने यह भी कहा है कि जो काम मिला, उसकी गुणवत्ता संतोषजनक नहीं थी. मिट्टी, मुरुम और अन्य निर्माण कार्यों में अतिरिक्त भुगतान का अनुमान करीब 19 करोड़ 17 लाख रुपये लगाया गया है.
सरकार के मुताबिक, कुछ सड़कों का निर्माण अधूरा रहने के बावजूद ऑनलाइन पोर्टल पर काम की प्रगति दर्ज की गई और भुगतान किया गया. इस मामले में 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे. इनमें से 13 अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है. पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
निलंबित अधिकारियों में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता सुरेश कुमार नागेश, बीएस ठाकुर और जितेंद्र कुमार मेश्राम के अलावा सहायक अभियंता एसके बांधे, मुविश लहरे, सतानंद महिकवार, हेमंत सालेचा, सोमकान्त साहू और चन्द्रकांत भगत शामिल हैं. चार तत्कालीन उप अभियंताओं के नाम गिरधर लहरी, यशवंत साहू, लोकेश कुमार सोनी और तस्वीर कुमार गोंड बताए गए हैं.
ठेकेदारों से वसूली और एफआईआर के निर्देश
सड़क निर्माण से जुड़े भुगतान के मामले में 15 ठेकेदारों और संबंधित फर्मों को वसूली के लिए नोटिस दिए गए हैं. विभाग के अनुसार, पांच ठेकेदारों से करीब 5.50 करोड़ रुपये की वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है. तय समय में जवाब नहीं देने या राशि जमा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. अन्य कार्यों में अतिरिक्त भुगतान की राशि का दोबारा आकलन भी किया जा रहा है.
सरकार ने बीजापुर की 45 और सुकमा की 23 अधूरी सड़कों का री-टेंडर कर मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है. बस्तर संभाग की कुल 148 अधूरी सड़कों को भी 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है. निगरानी के लिए पांच अधीक्षण अभियंताओं की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो मौके पर जाकर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जांच करेंगे.
