बीजापुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिक्षक सम्मान कार्यक्रम के दौरान 50 से ज्यादा सेवानिवृत्त शिक्षकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ली. कार्यक्रम अटल सदन स्थित भाजपा कार्यालय में हुआ.

पूर्व कैबिनेट मंत्री महेश गागड़ा और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने शिक्षकों का माला पहनाकर और पार्टी का गमछा भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश की कमान प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में है और दुनिया भारत की ओर देख रही है. शिक्षकों ने भारत को विकसित और मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही.

गागड़ा ने शिक्षकों के अनुभव को बताया अहम

महेश गागड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने लंबे समय तक शिक्षा के जरिए समाज का मार्गदर्शन किया है.

गागड़ा के मुताबिक, शिक्षकों का भाजपा पर भरोसा जताना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है. उनके अनुभव और मार्गदर्शन से पार्टी को लाभ मिलेगा. उन्होंने आने वाले चुनावों में भी शिक्षकों के अनुभव के उपयोग की बात कही.

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ठाकुर, राजू कलमू और मंडल अध्यक्ष अशोक राव समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.