छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराए गए सड़क निर्माण कार्यों और उनसे जुड़े भुगतानों में कथित अनियमितताओं के मामले में विभाग ने चार अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच जारी है.
निलंबित किए गए लोगों में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता सुरेश नागेश, उप विभागीय अधिकारी मुविष लहरे, सुरेश बांदे और सतानंद महिकवार शामिल हैं. विभाग के अनुसार, सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भुगतान प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कार्यों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं. प्रारंभिक पड़ताल में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई.
भुगतान और निर्माण रिकॉर्ड की जांच
जांच टीम सड़क निर्माण से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, भुगतान फाइलों और तकनीकी मानकों की समीक्षा कर रही है. विभागीय जांच अधिकारी निलंबित कर्मियों से पूछताछ कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस अधिकारी या कर्मचारी की कितनी जिम्मेदारी थी.
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता रूपेंद्र भूआर्य के अनुसार, अधिक राशि के भुगतान और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच अभी जारी है.
विभाग उन ठेकेदारों की भूमिका की भी जांच कर रहा है, जिनके काम या भुगतान में गड़बड़ी पाई जा सकती है. जांच में संलिप्तता सामने आने पर ठेकेदारों से अनुचित भुगतान की राशि की वसूली और प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. विभाग ने संकेत दिया है कि अंतिम जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी.
