छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में छह सक्रिय माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी पर कुल 35 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
आत्मसमर्पण करने वालों में चार पीपुल्स पार्टी कमेटी मेंबर (PPCM) स्तर के कैडर और दो पार्टी सदस्य रैंक के माओवादी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, ये कैडर बस्तर और ओड़िशा क्षेत्र में सक्रिय थे.
आत्मसमर्पित माओवादियों की पहचान रानी सोढ़ी उर्फ संध्या, पांडो पोडियम उर्फ सस्मिता, सुक्कू कुड़ियम उर्फ संतोष, कोसा माड़वी उर्फ सतीश, देवे माड़कम उर्फ जन्नी और लल्लू ताती के रूप में हुई है.
पुलिस की साझा की गई जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले कैडर टेकलगुड़ा और सुरक्षा कैंपों पर हुए हमलों समेत अन्य हिंसक गतिविधियों में शामिल रहे हैं. आत्मसमर्पण के पीछे सुरक्षा बलों का बढ़ता दबाव और राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति को वजह बताया गया है.
