छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों का एक डंप बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला गांव के जंगल से AK-47 समेत चार हथियार और 76 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं.

यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई. पूछताछ से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने उतला के जंगल में तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान हथियारों और कारतूसों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था.

अधिकारियों के मुताबिक, अभियान की निगरानी बीजापुर के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल अभियान) अमन झा ने की. तलाशी शुरू करने से पहले भैरमगढ़ के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नवीन एक्का ने जवानों को सुरक्षा और तलाशी प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश दिए.

पुलिस ने बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की तलाशी और निगरानी जारी रहने की जानकारी दी गई है.