छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, उतला गांव के जंगल में तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भैरमगढ़ थाने की पुलिस और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम सूचना के आधार पर जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी. तलाशी के दौरान जमीन का एक हिस्सा संदिग्ध लगा, जिसके बाद जांच में नीचे छिपाकर रखा गया डंप मिला. जवानों ने इसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला.

बरामद सामग्री में एक AK-47 राइफल, एक .315 बोर राइफल, एक सिंगल शॉट राइफल और एक 9 एमएम पिस्टल शामिल है. इसके अलावा दो AK-47 मैगजीन, 45 AK-47 जिंदा राउंड, 25 9 एमएम जिंदा राउंड और .315 बोर राइफल के छह जिंदा राउंड मिलने की जानकारी दी गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, अभियान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में चलाया गया. बरामद हथियारों और कारतूसों को भैरमगढ़ थाने लाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई सफल हुई. उनसे नक्सली संगठन की गतिविधियों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.