छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन विभाग ने वन्यजीवों के कथित अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पैंगोलिन के शल्क और तेंदुए की खाल बरामद की है. विभाग के अनुसार, इस मामले में कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया है.
पहली कार्रवाई गंगालूर तहसील के रेड्डी गांव में की गई. यहां से वन विभाग की टीम ने 9.260 किलोग्राम पैंगोलिन शल्क बरामद किए और चार लोगों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर टीम ने बासागुड़ा क्षेत्र के मल्लेपल्ली गांव में दूसरी दबिश दी.
दूसरी कार्रवाई में तेंदुए की एक खाल बरामद हुई और दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया. विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
वन विभाग ने बताया कि पैंगोलिन और तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल अति संरक्षित वन्यजीव हैं. इनके शिकार या अंगों के अवैध कारोबार के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है. हिरासत में लिए गए लोगों पर लगे आरोपों की जांच जारी है.
