छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलाईगढ़ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दामोदर प्रसाद दुबे को पद से हटाने और आगामी कार्यकाल के लिए अयोग्य घोषित करने के राज्य शासन के आदेश को बरकरार रखा है. न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने दुबे की याचिका खारिज कर दी.
अदालत ने कहा कि छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम की धारा 41-ए के तहत की गई कार्रवाई को केवल इस आधार पर अवैध नहीं माना जा सकता कि आरोपों से जुड़ी कुछ घटनाएं अध्यक्ष चुने जाने से पहले की थीं. दुबे फरवरी 2025 में अध्यक्ष चुने गए थे, जबकि संबंधित जमीनों की खरीद-बिक्री वर्ष 2013 से 2024 के बीच हुई थी.
जांच में करीब 2.45 हेक्टेयर कृषि भूमि को बिना वैध कॉलोनाइजर लाइसेंस और भूमि उपयोग परिवर्तन के 57 आवासीय भूखंडों में बांटने का आरोप सामने आया था. शासन की ओर से यह भी कहा गया कि अध्यक्ष बनने के बाद दुबे ने संबंधित कार्रवाई में नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी के प्रस्ताव पर अध्यक्ष के रूप में हस्ताक्षर करने से इनकार किया.
दुबे ने कार्रवाई को चुनौती देते हुए चुनाव विवाद के लिए अधिनियम की धारा 20 के तहत चुनाव याचिका का प्रावधान होने का तर्क दिया था. उन्होंने जांच रिपोर्ट और शिकायत की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराने को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का उल्लंघन भी बताया.
हाईकोर्ट ने माना कि उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया, जवाब पेश करने का अवसर मिला और व्यक्तिगत सुनवाई भी हुई. अदालत ने चुनाव को अमान्य करने और निर्वाचित पदाधिकारी को हटाने की कार्रवाई के बीच अंतर पर भी विचार किया.
राज्य शासन का 4 जुलाई 2026 का आदेश बरकरार रखते हुए याचिका खारिज कर दी गई. हालांकि, मुख्य नगरपालिका अधिकारी के 24 अप्रैल 2026 के आदेश से लगाए गए 3 करोड़ 27 लाख 4 हजार 740 रुपये के जुर्माने के खिलाफ दुबे कलेक्टर के समक्ष वैधानिक अपील कर सकते हैं. अपील पर संबंधित प्राधिकारी कानून के अनुसार स्वतंत्र रूप से निर्णय लेगा.
