बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को पुलिस मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान ‘आशीर्वाद के दीये’ के तहत 1.25 लाख दीप जलाए जाएंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
नगर निगम के अपर कमिश्नर खजांची कुम्हार के मुताबिक, मुख्य कार्यक्रम शाम 6.15 बजे वंदेमातरम के गायन से शुरू होगा. इसके बाद शाम 6.30 से 7 बजे के बीच पुलिस मैदान में दीप जलाए जाएंगे. स्थानीय कलाकारों की ओर से ‘सुर संध्या’ भी आयोजित की जाएगी.
200 हितग्राहियों को मिलेंगी आवास की चाबियां
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत के मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को मकान की चाबियां दी जाएंगी. पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण और आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ भी प्रतीकात्मक रूप से वितरित किया जाएगा.
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे जनभागीदारी के साथ व्यापक बनाने के निर्देश दिए हैं. जिला मुख्यालय के अलावा जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं.
अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां होंगी. स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता और जनसेवा से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे.
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि अभियान के लिए अलग-अलग स्तर पर दिनवार और तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है.
