बिलासपुर जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत किया जा रहा है.

जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में होगा, जहां 1.25 लाख दीप जलाए जाएंगे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीपोत्सव

अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी रोशन किया जाएगा. रतनपुर और मल्हार में 11-11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1,100-1,100 दीप जलाने की योजना है.

बिल्हा, कोटा, मस्तूरी और तखतपुर विकासखंडों की 44 चयनित ग्राम पंचायतों में हर घर में दीप प्रज्वलित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है.

शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप जलाए जाएंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों को भी इस आयोजन में शामिल किया गया है.

महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहयोग करेंगी. जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांधों, बैराजों, एनीकटों और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाने की योजना है.