बिलासपुर जिले में ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत 10 हजार परिवारों को भूमि का कानूनी मालिकाना हक देने के लिए स्वामित्व कार्ड वितरित किए जाएंगे. प्रशासन ने ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान के लिए विशेष शिविर लगाने और योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि पात्र लोगों तक पहुंचने के लिए मैदानी स्तर पर काम किया जाए. अभियान का उद्देश्य योजनाओं को केवल प्रचार या कागजी प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय लाभार्थियों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है.
अब तक जिले में 350 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए जा चुके हैं. चिन्हांकित 800 अन्य पात्र दिव्यांगजनों को जल्द आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की तैयारी है.
आवास और ग्रामीण विकास पर भी जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को घर पूरा कराने के लिए अगली किस्त सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है. वीबी रामजी योजना के तहत गांवों में बुनियादी ढांचे से जुड़े 3,000 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं और उन पर काम शुरू कराया गया है.
स्वास्थ्य, शिक्षा और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने के साथ प्रशासन देहदान और वस्त्रदान जैसी सामाजिक पहलों में भी लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रहा है.
मस्तूरी क्षेत्र के बुढ़ीखार गांव में ग्रामीणों ने सरकारी सहायता की प्रतीक्षा किए बिना आपसी सहयोग से स्कूल का नया भवन बनाया और परिसर का विकास किया. जिले के सरकारी स्कूलों को जनसहयोग से 700 से अधिक स्मार्ट टीवी भी मिले हैं. प्रशासन इस जनभागीदारी को सम्मानित करेगा.
अरपा नदी के घाटों पर सफाई अभियान
गणेश विसर्जन के बाद अरपा नदी के प्रमुख घाटों पर प्रशासन और स्थानीय नागरिक मिलकर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाएंगे. अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
