बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में 4.03 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृत लागत वाले 16 विकास कार्य अब भी अधूरे हैं. राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने इस मामले में नगर निगम के कार्यपालन अभियंता सह राज्य प्रवर्तित योजना प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. संबंधित अधिकारी से नोटिस मिलने के तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है.
सूडा ने वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2024-25 तक स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की थी. समीक्षा के दौरान पाया गया कि नगर निगम क्षेत्र के कई काम निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी पूरे नहीं हुए हैं. इन 16 कार्यों को पोर्टल पर अब भी निर्माणाधीन दर्ज किया गया है, लेकिन उनकी अद्यतन प्रगति की जानकारी अपलोड नहीं की गई.
मांगलिक भवन और उद्यानों के काम शामिल
लंबित कार्यों में वर्ष 2021-22 में स्वीकृत डॉ. बीआर आंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन का निर्माण भी शामिल है. इस परियोजना के लिए 300 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे. इसके अलावा वर्ष 2018-19 के तहत अलग-अलग बस्तियों और कॉलोनियों में उद्यानों व पुष्पवाटिकाओं के विकास से जुड़े 15 कार्य लंबित हैं.
इन स्थानों में चौबे कॉलोनी, सरकंडा, महामाया विहार, गायत्री नगर, विद्या नगर, कपिल नगर, देवकीनंदन दीक्षित नगर, साईधाम कॉलोनी तर्वा, गंगानगर, वसुंधरा नगर और अयोध्या नगरी शामिल हैं.
पोर्टल अपडेट करने का निर्देश
नोटिस में अधिकारी को तीन दिन के भीतर सभी लंबित जानकारियां पोर्टल पर अपडेट कर सूडा कार्यालय को इसकी जानकारी देने को कहा गया है. विभाग ने कार्यों की निगरानी में लापरवाही और शासन के निर्देशों के उल्लंघन का उल्लेख किया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
