बिलासपुर में ‘बाल के बदले बर्तन’ का काम करने वाले 23 फेरीवालों को अवैध बांग्लादेशी होने के संदेह में हिरासत में लेकर रायपुर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा गया था. पुलिस की विशेष जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद 19 लोगों को रिहा कर उनके गृह जिले मुर्शिदाबाद भेज दिया गया. इन लोगों ने करीब 14 दिन डिटेंशन सेंटर में बिताए.
पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से संबंधित लोगों के मूल पते, पारिवारिक पृष्ठभूमि, जमीन और पुश्तैनी रिकॉर्ड की जांच की. सत्यापन के बाद अधिकारियों ने 19 लोगों की भारतीय नागरिकता की पुष्टि की. अपने पैतृक गांव पहुंचने पर परिजनों ने उनका स्वागत किया.
हालांकि, मुर्शिदाबाद के हीरानंदपुर गांव के शब्बीर शेख, लालटू शेख, नसीर शेख और सफीकुल शेख अब भी डिटेंशन सेंटर में हैं. पुलिस के अनुसार, इनके दस्तावेजों में अभी कमी है. परिवार पुराने रिकॉर्ड, वंशावली और अन्य प्रमाण जुटाकर स्थानीय पुलिस और अदालत के माध्यम से प्रशासन के सामने पेश करने की कोशिश कर रहे हैं. परिजनों का कहना है कि लंबे समय तक रोजगार के लिए राज्य से बाहर रहने के कारण पश्चिम बंगाल की एसआईआर सूची में इनके नाम नहीं मिल रहे हैं.
29 साल से बिलासपुर में काम
ठेकेदार जमीर हक के मुताबिक, वे पिछले 29 वर्षों से बिलासपुर के तोरवा और सिरगिट्टी इलाकों में यह काम कर रहे हैं. मुर्शिदाबाद के हीरानंदपुर, कुमारपाड़ा और रघुनाथगंज से करीब 500 लोग समय-समय पर यहां फेरी लगाने आते हैं. उनका कहना है कि हर साल थानों में पुलिस वेरिफिकेशन कराने के बावजूद उनके बेटे जोसिन समेत 23 लोगों को हिरासत में लिया गया.
असगर शेख पिछले 17 वर्षों से बिलासपुर में रह रहे हैं. उनके पास करीब 100 साल पुराने पारिवारिक दस्तावेज थे, लेकिन सत्यापन पूरा होने तक उन्हें भी 14 दिन डिटेंशन सेंटर में रहना पड़ा. इसी तरह मातिन शेख अपने दामाद लालटू शेख को काम सिखाने के लिए बिलासपुर लाए थे. मातिन के दस्तावेज सही पाए जाने पर वे रिहा हो गए, लेकिन लालटू की रिहाई अभी लंबित है.
करीब 500 लोगों का सत्यापन
एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार, अप्रवासी लोगों के लिए जारी एसओपी के तहत संदिग्ध पाए गए सभी 23 लोगों को डिटेंशन सेंटर भेजा गया था. जिनके मूल पते और स्थानीय संबंधों की पुष्टि हुई, उन्हें छोड़ दिया गया. पुलिस अब बिलासपुर में करीब 500 लोगों की पहचान, दस्तावेज और मूल निवास का सत्यापन कर रही है. यह अभियान एएसपी रश्मित कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों की विशेष टीम चला रही है.
