छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी इलाके में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों में से 18 को पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद रिहा कर दिया गया है. इन लोगों को 4 सितंबर को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया था. लगभग 15 दिन बाद उनकी रिहाई हुई.

पुलिस के अनुसार, बचे हुए पांच लोगों के दस्तावेजों की जांच अभी जारी है. इनके अतिरिक्त पहचान-पत्र और दूसरे रिकॉर्ड मंगाए गए हैं. कुछ दस्तावेजों में कमियां मिलने की बात सामने आई है. पुलिस संबंधित थाना क्षेत्रों और स्थानीय रिकॉर्ड के आधार पर इनका सत्यापन करा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

दो महीने के अभियान में 1,162 लोगों की जांच

पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में विशेष टास्क फोर्स बनाकर अभियान चलाया था. करीब दो महीने चले इस अभियान में 1,162 लोगों की जांच की गई. इनमें से 23 लोगों की पहचान और दस्तावेज संदिग्ध पाए गए थे.

जांच के दौरान पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, जंगीपुर और आसपास के थाना क्षेत्रों में गई. वहां संदिग्धों द्वारा बताए गए पतों और दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया. कुछ दस्तावेजों में पिता की जगह ससुर का नाम दर्ज होने और मूल निवास से जुड़े रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलने से संदेह बढ़ा था.

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनमें से कई लोग सिरगिट्टी इलाके में छोटे-मोटे काम करते थे. कुछ बाल के बदले बर्तन देने और कुछ टेंट-पंडाल लगाने के काम से जुड़े थे.

18 लोगों के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद अब पुलिस का फोकस पांच लोगों के रिकॉर्ड पर है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके दस्तावेजों में कमी या संदिग्धता पाए जाने पर संबंधित रिकॉर्ड और थाना स्तर से दोबारा जांच की जाएगी.