बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में हिरासत में लिए गए 23 प्रवासी कामगारों में से 19 को रिहा कर दिया गया है. पुलिस ने उनके दस्तावेजों की जांच के साथ पश्चिम बंगाल पुलिस से भी सत्यापन कराया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सत्यापन के बाद इन 19 लोगों की नागरिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

चार कामगारों को अभी रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर में रखा गया है. पुलिस के अनुसार, इन लोगों के दस्तावेजों की जांच पूरी नहीं हुई है. कुछ तथ्यों के कारण उनकी नागरिकता का सत्यापन फिलहाल लंबित है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

रोजगार के लिए छत्तीसगढ़ आए थे

हिरासत में लिए गए सभी कामगार पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बताए गए हैं. इनमें सुती, रघुनाथगंज और शमशेरगंज क्षेत्र के लोग शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, वे रोजगार की तलाश में छत्तीसगढ़ आए थे. कुछ लोग घर-घर जाकर घरेलू उपयोग का सामान बेचते थे, जबकि कुछ रोजी-मजदूरी कर रहे थे.

पुलिस ने 4 सितंबर को सिरगिट्टी क्षेत्र से इन कामगारों को हिरासत में लिया था. इसके बाद सभी को रायपुर के होल्डिंग सेंटर भेजा गया. मामले की जानकारी मिलने पर पश्चिम बंगाल में रह रहे उनके परिवारों ने आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों के आधार पर नागरिकता सत्यापन की मांग की थी.

पुलिस के अनुसार, चारों लोगों के नाम एसआईआर में डिलिस्टिंग में आने की जानकारी भी सामने आई है. उनके कुछ अन्य दस्तावेजों पर भी संदेह जताया गया है. इसी वजह से उनकी रिहाई फिलहाल रोककर दस्तावेजों और उपलब्ध जानकारी की जांच की जा रही है.