बिलासपुर में नगर निगम और पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी 24 गणेश प्रतिमाएं जब्त की हैं. ये प्रतिमाएं मुंगेली नाका और बृहस्पति बाजार स्थित दो दुकानों पर मिलीं. नगर निगम के अनुसार, दुकानदारों को पीओपी की प्रतिमाएं बेचते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर टीम ने गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए लगाई गई दुकानों का निरीक्षण किया. कार्रवाई के दौरान इमलीपारा, पुराना बस स्टैंड, बृहस्पति बाजार, मुंगेली नाका, सुभाष चौक, देवकीनंदन चौक और दयालबंद क्षेत्र की दुकानों की जांच की गई.

नगर निगम ने बताया कि 18 अगस्त को शहर के मूर्तिकारों की बैठक लेकर प्रतिमा निर्माण में प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद कुछ दुकानों पर पीओपी की प्रतिमाएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई.

मिट्टी की प्रतिमाएं बनाने के निर्देश

नगर निगम के मुताबिक, प्रतिमाओं में इस्तेमाल होने वाला पीओपी, प्लास्टिक और रासायनिक रंग विसर्जन के बाद जल स्रोतों और मिट्टी को प्रभावित कर सकते हैं. इनसे जलीय जीवों और वनस्पतियों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बताई गई है. इसी वजह से मूर्तिकारों से पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है.

कमिश्नर ने आगामी विश्वकर्मा पूजा, दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के लिए भी केवल मिट्टी से प्रतिमाएं बनाने के निर्देश दिए हैं. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पीओपी की प्रतिमा बनाते या बेचते पाए जाने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी.