बिलासपुर में यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार बाइक के खिलाफ अभियान चलाकर 31 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं. इनमें 28 बुलेट शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों के चालकों और मालिकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
यह कार्रवाई पिछले दो दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में की जा रही है. बुधवार को सरकंडा और सिविल लाइन इलाके में टीम ने वाहनों की जांच की. पुलिस ने ऐसे वाहन भी पकड़े, जिनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी. अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के बदलाव से वाहन चालक ट्रैफिक चालान और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कैमरों की निगरानी से बचने की कोशिश करते हैं.
तेज आवाज और सड़क सुरक्षा पर पुलिस की चिंता
पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है. इससे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को परेशानी हो सकती है. तेज और कर्कश आवाज के साथ बाइक चलाने से सड़क हादसे का जोखिम भी बढ़ने की आशंका जताई गई है.
यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के अलावा प्रेशर हॉर्न और अत्यधिक तेज आवाज करने वाले अन्य उपकरणों पर भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है. वाहन चालकों से बाइक में ऐसे साइलेंसर नहीं लगाने और वाहन के मूल स्वरूप में अनधिकृत बदलाव से बचने की अपील की गई है.
दुकानों और गैराज पर भी निगरानी
पुलिस के अनुसार, शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली कुछ दुकानों को पहले ही ऐसे उत्पाद नहीं बेचने की हिदायत दी जा चुकी है. दोबारा बिक्री मिलने पर दुकान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. गैराज संचालकों पर भी नजर रखी जा रही है. वाहनों में अनधिकृत तरीके से साइलेंसर लगाने या अन्य बदलाव करने की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
