छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के संदेह में कार्रवाई करते हुए 4,750 प्रतिबंधित गोलियां बरामद करने का दावा किया है. बरामद दवाओं की कीमत करीब 20 लाख रुपये और वजन लगभग 2.5 किलोग्राम बताया गया है. मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी का है.

पुलिस के अनुसार, एसीसीयू की टीम को शुक्रवार को लोनिया पारा निवासी मुकेश लोनिया के घर पर प्रतिबंधित दवाइयां रखे होने की सूचना मिली थी. तलाशी के दौरान एक बैग से प्रॉक्सिको स्पास और अल्प्राविन की गोलियां बरामद की गईं. मामले में मुकेश लोनिया, उसके पिता उग्रसेन लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा के नाम सामने आए हैं. आरोपों की जांच जारी है.

पूछताछ में यूपी से कनेक्शन का दावा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, 20 वर्षीय मुकेश कुछ समय पहले मजदूरी के लिए उत्तर प्रदेश गया था. पुलिस का कहना है कि वहीं उसकी पहचान नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़े लोगों से हुई. वापस लौटने के बाद उसने अपने पिता और रिश्तेदार के साथ मिलकर गोलियों की बिक्री शुरू की.

एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी के अनुसार, मुकेश के खिलाफ करीब दो साल पहले कोनी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है और वह जेल भी जा चुका है. पुलिस अब कथित अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खेप उत्तर प्रदेश के मथुरा से ट्रेन के जरिए बिलासपुर पहुंचने की जानकारी मिली है. जांचकर्ता मथुरा से जुड़े संदिग्ध तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि हाल में सरकंडा और सीपत में पकड़ी गई नशीली दवाओं के तार भी उत्तर प्रदेश से जुड़े मिले हैं. अधिकारियों ने पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई और बड़े सप्लायरों की गिरफ्तारी का दावा किया है.