बिलासपुर जिले में रकम कम समय में दोगुनी करने का झांसा देकर किराना कारोबारी और उनके परिवार से 48.90 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मनीष रोहरा और सुनील रोहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है. दोनों आरोपी भाई परिवार समेत दुबई चले गए हैं, ऐसा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है.
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी 36 वर्षीय दीपक भगतानी कतियापारा में किराना दुकान चलाते हैं. वर्ष 2020 से उनकी पहचान अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लॉथ मार्केट में संस्कृति गारमेंट्स चलाने वाले दोनों भाइयों से थी. आरोप है कि उन्होंने ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीनों में निवेश से बड़े मुनाफे का दावा करते हुए दीपक को उनके माध्यम से पैसा लगाने के लिए कहा.
शिकायत के मुताबिक, दीपक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 48.90 लाख रुपये दिए. इनमें 19.80 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और PhonePe के जरिए भेजे गए, जबकि बाकी रकम नकद दी गई. रकम जुटाने के लिए उन्हें सोने के गहने गिरवी रखने पड़े और रिश्तेदारों, दोस्तों तथा परिचितों से उधार लेना पड़ा.
जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करते रहे. कभी जमीन, कभी शेयर बाजार और कभी सट्टे में निवेश का हवाला दिया गया. बाद में दोनों भाई परिवार के साथ दुबई चले गए.
पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक मामले में भी आरोपी बनाए जा चुके हैं और उसमें फरार हैं. उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. पुलिस रेड कॉर्नर नोटिस की कार्रवाई और विदेशों में संभावित संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है.
