बिलासपुर में नगर निगम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो प्लास्टिक जब्त किया. नगर निगम के अनुसार, यह कार्रवाई अमित प्लास्टिक और राजकुमार परफ्यूम्स नामक दो प्रतिष्ठानों में की गई.

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिचरी बाजार, गोल बाजार और तेलीपारा में भी दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की. कार्रवाई नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर और जोन कमिश्नर व हेल्थ ऑफिसर प्रवेश कश्यप के निर्देशन में की गई.

प्लास्टिक की जगह कपड़े और जूट के थैले अपनाने की अपील

नगर निगम ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान छत्तीसगढ़ प्लास्टिक और अन्य जैव-अनाशित सामग्री (उपयोग और निस्तारण का विनियमन) नियम, 2023 तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 के तहत चलाया जा रहा है. इन नियमों के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, उपयोग, परिवहन, वितरण, बिक्री और भंडारण पर रोक है.

निगम प्रशासन ने व्यापारियों और आम लोगों से प्लास्टिक के बजाय कपड़े, जूट के थैले और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प इस्तेमाल करने की अपील की है. निगम ने कहा है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी.