बिलासपुर में 137 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभालने वाले 500 से ज्यादा सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया. नगर निगम ने यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित किया. समारोह के साथ सफाई मित्रों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़ा शिविर भी लगाया गया.

शिविर में सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण बांटे गए. अलग-अलग सहायता और पंजीयन काउंटरों के जरिए प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, बीमा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य योजनाओं और ऋण से जुड़ी जानकारी दी गई. अधिकारियों के अनुसार, पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर की गई.

स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान पंजीयन

कार्यक्रम के दौरान 200 सफाई मित्रों का आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन किया गया. स्वास्थ्य जांच शिविर में 265 से ज्यादा सफाई मित्रों की जांच हुई. नगर निगम के हेल्थ ऑफिसर प्रवेश कश्यप ने योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों को जरूरी मार्गदर्शन दिए जाने की बात कही.

सफाई मित्रों को केंद्र सरकार की नमस्ते योजना की जानकारी भी दी गई. इस योजना का उद्देश्य सफाई कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना तथा जोखिम वाले सफाई कार्यों में मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम में 45 सफाई मित्रों को नमस्ते योजना के कार्ड दिए गए.

महापौर पूजा विधानी और सभापति विनोद सोनी ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की. निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि स्वच्छता जनआंदोलन है और इसमें नागरिकों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और उनके परिवारों की खुशहाली को कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया.

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, श्याम साहू, केशरी इंगोले, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.