बिलासपुर के बिरकोना आवासपारा में 700 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में ई-रिक्शा चालक पर हमला करने का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, तीन लोगों ने लोहे की पाइप और झारा से रवि दास मानिकपुरी के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी ज्योति मानिकपुरी को भी चोट लगी है.

ज्योति मानिकपुरी ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे रवि सवारी लेकर गांव से बिलासपुर जा रहे थे. रास्ते में गांव के कल्लू ने बिलासपुर रोड तक छोड़ने के लिए कहा, जिसके बाद रवि ने उसे ई-रिक्शा में आगे बैठा लिया. इसी दौरान रवि ने कल्लू से अपने 700 रुपये वापस मांगे और दोनों के बीच विवाद हो गया.

शिकायत के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद कल्लू का बड़ा भाई लाला पैसे दिलाने और मामला समझाने की बात कहकर रवि को अपने घर के पास ले गया. आरोप है कि वहां लाला ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की पाइप से हमला किया. इसके बाद कल्लू ने झारा से और राजू ने भी रवि के साथ मारपीट की.

हमले में रवि के सिर, दाहिने पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. ज्योति के दाहिने हाथ की भुजा पर भी वार किए जाने की बात शिकायत में कही गई है. डायल 112 की मदद से रवि को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.