बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान और दीप प्रज्वलन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में करीब 80 लीटर रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है. आयोजकों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के वजन के बराबर रक्तदान के लिए लगभग 267 लोगों से 300-300 मिलीलीटर रक्त लेने की योजना है.
बेलतरा से भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में उन्होंने खुद भी रक्तदान किया. उनका कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एकत्र किया जाने वाला रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी होगा.
44 पंचायतों में हर घर दीप जलाने की योजना
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत रतनपुर और मल्हार में 11-11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1,100-1,100 दीप जलाने की योजना है. जिले की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में हर घर दीप जलाए जाएंगे. इसके अलावा जिले के प्रत्येक गांव में 100 से अधिक दीप जलाने की बात कही गई है.
बिल्हा जनपद की 10, कोटा की 12, मस्तुरी की 10 और तखतपुर की 12 पंचायतें इस योजना में शामिल हैं. शाम 7 बजे सरकारी भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में दीप जलाए जाने हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाने की योजना है. महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य आयोजन में सहयोग करेंगी. बांध, बैराज, एनीकेट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे.
पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय कार्यक्रम
जिला स्तरीय आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में होगा. यहां 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाने हैं. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को मकान की चाबियां देने की योजना है. पीएम स्वनिधि योजना के ऋण और आयुष्मान कार्ड का लाभ भी प्रतीकात्मक रूप से वितरित किया जाएगा.
इस बीच, शहर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने सरकारी आयोजन में स्कूली बच्चों को बुलाए जाने पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और अभिभावकों की अनुमति को लेकर चिंता जताई और कहा कि राजनीतिक आयोजन में स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया जाना चाहिए. ये आपत्तियां उनके बयान के तौर पर सामने आई हैं.
