बिलासपुर जिले की सीपत तहसील में सीएम हेल्पलाइन की शिकायत के निराकरण के दौरान महिला अतिरिक्त तहसीलदार से फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता साहेब लाल रात्रे के खिलाफ सीपत पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.

सीपत तहसील कार्यालय में अतिरिक्त तहसीलदार के पद पर पदस्थ प्रकृति ध्रुव के अनुसार, 30 अक्टूबर की सुबह सीएम हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका बनवाने से जुड़ी शिकायत मिली थी. शिकायत के निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित व्यक्ति को फोन कर आवेदन के बारे में बातचीत शुरू की.

आरोप है कि बातचीत के दौरान साहेब लाल रात्रे ने अधिकारी से अभद्रता और गाली-गलौज की. प्रकृति ध्रुव ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन कथित तौर पर वह नहीं रुका. इसके बाद अधिकारी ने फोन काट दिया.

कुछ देर बाद शिकायतकर्ता ने दोबारा फोन किया और फिर से अभद्रता व गाली-गलौज करने का आरोप है. उस समय पास बैठी नायब तहसीलदार पूनम कनौजे ने भी बातचीत सुनी.

घटना के बाद प्रकृति ध्रुव ने इसकी जानकारी तहसीलदार प्रकाश साहू को दी. इसके बाद उन्होंने सीपत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. अधिकारी ने फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपी है.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.