बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ में सियासी और सामाजिक विवाद तेज हो गया है. हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से विकास के लिए फिलहाल फंड उपलब्ध नहीं होने की बात कहे जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साय सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है.
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट पूरे क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण है. उन्होंने राज्य सरकार से एयरपोर्ट के विकास को लेकर लिए गए फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की.
समिति ने सरकार पर लगाया भेदभाव का आरोप
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने भी सरकार के रुख पर नाराजगी जताई है. समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है. समिति ने इसे बिलासपुर के साथ अन्याय और भेदभाव बताया है.
समिति का आरोप है कि राज्य सरकार का ध्यान रायपुर से आगे नहीं है. उसने स्टेट कैपिटल रीजन के कार्यालय के लिए 502 करोड़ रुपये के टेंडर को भी अनावश्यक खर्च बताया है. समिति का एक प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा.
हाईकोर्ट ने सरकार और AAI से मांगा रुख
बिलासपुर के चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट और हवाई सुविधा के विस्तार से जुड़ी जनहित याचिकाओं की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने फंड की कमी का हवाला दिया था. इस पर चीफ जस्टिस रामकृष्ण महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की खंडपीठ ने आपत्ति जताई.
अदालत ने राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास और संचालन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है.
