बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के रुख पर नाराजगी जताई है. मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र और न्यायाधीश संतोष शर्मा की खंडपीठ ने कहा कि यदि राज्य सरकार हवाई अड्डे का विकास नहीं करना चाहती, तो इसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को सौंपने के विकल्प पर विचार किया जाना चाहिए.

वर्ष 2017 से लंबित जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार और अन्य पक्षों को संचालन तथा विकास की जिम्मेदारी पर अपना रुख स्पष्ट करने का निर्देश दिया. मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी.

सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए फिलहाल 300 करोड़ रुपये उपलब्ध नहीं हैं. सरकार ने कम यात्री संख्या और घाटे का हवाला देते हुए कहा कि विमानन कंपनियों की ओर से बड़े विमानों और अतिरिक्त उड़ानों की गारंटी मिलने पर ही अपग्रेडेशन संभव होगा.

अदालत ने कहा कि सरकार अपने पहले के शपथपत्रों और आश्वासनों से पीछे नहीं हट सकती. कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि इस विषय पर सरकार का नया शपथपत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा.

याचिकाकर्ता पक्ष के अनुसार, रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ रुपये और नए एटीसी टावर के लिए 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव करीब पांच महीने से मंत्रालय में लंबित हैं. इन 103 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर 4C श्रेणी के लिए जरूरी काम का बड़ा हिस्सा पूरा हो सकता है.

सुनवाई में यह भी सामने आया कि एएआई ने 12 अक्तूबर को भूमि क्षेत्रफल, स्वामित्व और रनवे की लंबाई की जानकारी मांगी थी. राज्य सरकार ने 2 नवंबर को विवरण भेजने की बात कही, लेकिन अदालत के अनुसार पूरा भूमि विवरण अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है.

याचिकाकर्ताओं ने यात्रियों की संख्या कम होने के सरकारी तर्क पर भी सवाल उठाया. उनके अनुसार, 2021 में करीब 22 हजार यात्रियों के बाद 2022 से 2025 तक हर वर्ष औसतन 35 से 36 हजार लोगों ने हवाई सेवा का उपयोग किया.