बिलासपुर के बिलासा एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के मामले में हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के बदले रुख पर नाराजगी जताई है. सुनवाई के दौरान सरकार ने कहा कि अपग्रेडेशन के लिए फिलहाल 300 करोड़ रुपए उपलब्ध नहीं हैं. इसके बाद कोर्ट ने कहा कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो इसे एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपने पर विचार किया जाए.

चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने सरकार और AAI, दोनों से विकास तथा संचालन की जिम्मेदारी को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है. मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी. यह सुनवाई एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और हवाई सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर 2017 में दायर जनहित याचिकाओं पर हो रही है.

पुराने शपथ पत्र का हवाला

कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार पहले शपथ पत्र देकर एयरपोर्ट के विकास का भरोसा दे चुकी है. ऐसे में मौजूदा अधिकारी पहले दिए गए आश्वासनों से पीछे नहीं हट सकते. अदालत ने यह भी कहा कि इस विषय पर सरकार की ओर से नया शपथ पत्र दाखिल किया जाता है तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा.

सरकार ने दलील दी कि एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम है और संचालन में घाटा हो रहा है. उसका कहना था कि एयरलाइन कंपनियों की ओर से बड़े विमान और उड़ानें चलाने की गारंटी मिलने पर ही अपग्रेडेशन पर विचार किया जाएगा.

सुनवाई में यह भी सामने आया कि AAI ने 12 अक्टूबर 2026 को जमीन का क्षेत्रफल, स्वामित्व, विवाद या भार की स्थिति और रनवे की लंबाई समेत कई जानकारियां मांगी थीं. सरकार ने ये सूचनाएं 2 नवंबर को भेजने की बात कही, लेकिन कोर्ट ने दस्तावेजों की जांच में जमीन का पूरा ब्योरा नहीं पाया.

याचिकाकर्ताओं के वकील ने बताया कि रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और नए ATC टावर के लिए 40 करोड़ रुपए के प्रस्ताव करीब पांच महीने से लंबित हैं. उनके अनुसार, 103 करोड़ रुपए के इन प्रस्तावों से 4C श्रेणी के लिए जरूरी आधे से अधिक काम हो सकता है.