बिलासपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत शुरू किए गए ‘अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम’ से राशन वितरण की प्रक्रिया तेज हुई है. पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401001163 में लगाई गई मशीन से कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में चावल, शक्कर और नमक दिया जा रहा है.

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 8 से 10 सितंबर के बीच 521 से अधिक राशनकार्डधारियों ने मशीन से खाद्यान्न लिया. 8 सितंबर को 104, 9 सितंबर को 211 और 10 सितंबर को 206 कार्डधारियों ने राशन प्राप्त किया. 11 सितंबर तक लाभ लेने वाले कार्डधारकों की कुल संख्या 540 बताई गई है.

मशीन के इस्तेमाल के लिए कार्ड स्वाइप और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाती है. इसके बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मशीन से निकलता है. विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को कम समय में राशन मिल रहा है और तौल को लेकर होने वाले विवादों की संभावना घट रही है.

17,101 किलो चावल का वितरण

सितंबर में अब तक ग्रेन एटीएम के जरिए कुल 17,101 किलोग्राम चावल वितरित किया गया. इसमें 11,914 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलोग्राम सीजी चावल शामिल है. इसके अलावा 392 किलोग्राम शक्कर और 431 किलोग्राम नमक भी पात्र हितग्राहियों को दिया गया.

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मुताबिक, मशीन के जरिए उपभोक्ताओं को सुगम, पारदर्शी और सटीक मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य प्रमुख राशन दुकानों में भी इस तकनीक का विस्तार किया जाएगा.