बिलासपुर में अरपा तट पर चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई. इस मौके पर करीब एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट को 5100 दीपों से सजाया गया. सामूहिक दीपदान के बाद मां अरपा की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु शामिल हुए.

महाआरती के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक आतिशबाजी और फायर शो हुआ. आयोजन में संत श्री श्री 1008 प्रेमदास महाराज (ब्रह्मबाबा), छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा और महापौर पूजा विधानी के शामिल होने की जानकारी दी गई है. समिति के डॉ. धर्मेंद्र दास ने बताया कि इस बार महाआरती और दीपदान को विशेष स्वरूप दिया गया.

घाट का विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था

पिछले साल 800 मीटर लंबे छठ घाट को इस बार 200 मीटर बढ़ाकर 1000 मीटर किया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आठ पार्किंग जोन, छह प्रवेश द्वार और 15 कंट्रोल पॉइंट बनाए गए हैं. आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है.

15 से 16 नवंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने 15 नवंबर दोपहर से 16 नवंबर दोपहर तक यातायात में बदलाव की सूचना दी है. सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन रहेगा. कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए जाएंगे.

पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. दउरीधारी व्रतियों के वाहनों के लिए घाट तक विशेष प्रवेश की सुविधा रखी गई है.