बिलासपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अरपा नदी में डूबे दो बच्चों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान अयान अंसारी (12) और इमनेश अंसारी (16) के रूप में हुई है. अयान का शव घटना वाले दिन मिल गया था, जबकि इमनेश का शव तीसरे दिन सोमवार सुबह बरामद किया गया.
घटना 26 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे दयालबंद के मधुबन क्षेत्र के पास हुई. बालमुकुंद स्कूल के छात्र अयान, इमनेश और हरीश कोसले नदी किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान नदी में बहकर आ रहे नारियल को लेने के लिए अयान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे बचाने के प्रयास में इमनेश ने भी नदी में छलांग लगा दी. तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए.
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय मछुआरों को भी तलाश अभियान में शामिल किया गया. देर शाम अयान का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इमनेश का पता नहीं चल सका.
इमनेश की तलाश में रविवार को एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरों ने करीब 12 घंटे अभियान चलाया. बोट, महाजाल और गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे हिस्सों, झाड़ियों और किनारों में खोजबीन की गई. कोतवाली पुलिस ने ड्रोन से नदी के दोनों किनारों और छठघाट क्षेत्र में भी तलाश की, लेकिन दूसरे दिन तक सफलता नहीं मिली. कम रोशनी के कारण शाम को अभियान रोकना पड़ा.
सोमवार सुबह तलाश फिर शुरू होने पर नदी की सतह पर एक शव दिखाई दिया. पुलिस और रेस्क्यू टीम ने शव बाहर निकाला, जिसकी पहचान इमनेश अंसारी के रूप में हुई. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम है और परिजन लगातार नदी किनारे मौजूद रहे.
