बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में अरपा नदी में दो बच्चों के बह जाने की सूचना है. बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नदी में बह रहे नारियल को पकड़ने के लिए पानी में उतरे थे. गहरे हिस्से में पहुंचने के बाद वे तेज बहाव की चपेट में आ गए.

घटना मधुबन इलाके की बताई जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय इमवेज और 10 वर्षीय अयान नदी के किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने पानी में बहता नारियल देखा और उसे पकड़ने के लिए नदी में उतर गए. उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं था.

पानी में आगे जाने के बाद दोनों अचानक गहरे हिस्से में चले गए और बहाव में बहने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तत्काल बाहर नहीं निकाल सके. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF को भी जानकारी दी गई.

SDRF की टीम गोताखोरों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही है. पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाश में कठिनाई आने की बात कही गई है. फिलहाल दोनों बच्चों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और उनकी तलाश जारी है.