बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम से लगे अटल आवास परिसर में रविवार देर रात आग लग गई. आग की चपेट में आने से वहां खड़ी पांच बाइक जल गईं. लपटों और धुएं के बीच फंसे लोगों में दहशत फैल गई. कुछ महिलाएं और बच्चे छत पर पहुंच गए, जबकि कई लोग बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगाते रहे.
अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से ज्यादा लोग मौजूद थे. आग बढ़ने के खतरे को देखते हुए स्थानीय युवकों ने रस्सी और साड़ी के सहारे महिलाओं और बच्चों समेत अन्य रहवासियों को बाहर निकालने में मदद की. आग और धुएं से घबराकर कुछ लोग छत से कूद गए. इस दौरान एक युवक के पैर में फ्रैक्चर हो गया. उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराकर शुरू कराया बचाव कार्य
टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक, रात करीब एक बजे अटल आवास में आग लगने की सूचना मिली. इसके बाद पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा गया और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल तथा दमकल को बुलाया गया. पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई. इसके बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया. दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया.
आग लगने के बाद बाइक के पेट्रोल और टायर तक लपटें पहुंचने से तेज आवाजें आने लगीं. इससे परिसर में मौजूद लोगों की घबराहट और बढ़ गई. स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा और उनके साथियों ने छत पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने में मदद की. मौके पर सरकंडा और सिविल लाइन क्षेत्र के सीएसपी भी पहुंचे.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल में देरी का आरोप
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक खड़ी होने वाली जगह के पास लगे बिजली मीटर या कनेक्शन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी. हालांकि, आग के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रहवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बाद दमकल को पहुंचने में समय लगा. उनका कहना था कि आग के दौरान लोगों को खुद ही बाहर निकलने और दूसरों को बचाने की कोशिश करनी पड़ी. आग बुझने के बाद भी कई लोग घरों में लौटने से डरते रहे.
